Maharajganj Times

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, परतावल में दर्दनाक हादसा

Maharajganj
Monday, 14 Sep, 2026
0
351

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सेमरा चंदरौली गांव में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:30 बजे एचडीएफसी बैंक के पास हुआ। दोनों युवक बाइक से परतावल की ओर से महराजगंज जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सूरज (22) पुत्र बधूराम और नीतीश (19) पुत्र अमरनाथ, निवासी पीपरदेउवा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।